➡️ 850 ग्राम वजन की नवजात को मिला नया जीवन,72 दिन के उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौटी
जिला अस्पताल बैतूल स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में गंभीर एवं कम वजन वाले नवजात शिशुओं का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है। एसएनसीयू यूनिट के प्रभावी संचालन और विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल के कारण कई नवजातों को नया जीवन मिल रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड चिचोली के ग्राम हरनिया निवासी श्रीमती रामकला के यहां 27 मार्च 2026 को घर पर एक बच्ची का जन्म हुआ। जन्म के समय बच्ची का वजन मात्र 850 ग्राम था तथा उसका गर्भकाल 28 सप्ताह का था। अत्यंत कम वजन और समय से पूर्व जन्म होने के कारण नवजात को उसी दिन जिला अस्पताल बैतूल के एसएनसीयू में भर्ती किया गया।
एसएनसीयू के प्रभारी डॉ. आशीष ठाकुर ने बताया कि भर्ती के दौरान नवजात की स्थिति गंभीर थी। चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की सतत निगरानी में बच्ची को 2 दिनों तक सीपीएपी (CPAP) श्वसन सहायता तथा 10 दिनों तक ऑक्सीजन सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा संक्रमण की आशंका को देखते हुए आवश्यक उपचार एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी किया गया। उपचार के दौरान नवजात की नियमित मॉनिटरिंग और विशेष देखभाल की गई।
लगातार 72 दिनों तक चले उपचार और देखभाल के बाद बच्ची के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। डिस्चार्ज के समय उसका वजन बढ़कर 1.27 किलोग्राम हो गया और उसे स्वस्थ अवस्था में घर भेजा गया।
चिकित्सकों के अनुसार यदि यही उपचार किसी निजी अस्पताल में कराया जाता, तो नवजात के माता-पिता को लगभग 5 से 7 लाख रुपये तक का खर्च वहन करना पड़ सकता था। जिला अस्पताल बैतूल के एसएनसीयू में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी तथा आवश्यक उपचार की सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इससे परिवार को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलने के साथ भारी आर्थिक राहत भी मिली।
प्रभारी एसएनसीयू डॉ. आशीष ठाकुर ने बताया कि यूनिट में समयपूर्व जन्मे, कम वजन वाले एवं गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को विशेषज्ञ उपचार और समुचित देखभाल उपलब्ध कराई जाती है। जिला अस्पताल की एसएनसीयू टीम नवजात मृत्यु दर में कमी लाने और प्रत्येक नवजात को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#HealthForAll
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
25 views | Betul, Madhya Pradesh | Jun 13, 2026