सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजे मंदिर
शाहजहांपुर। सावन के आखिरी सोमवार को जिलेभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे और कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा बरखंडी नाथ मंदिर, त्रिलोकी नाथ मंदिर समेत तमाम शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भीड़ को देखते हुए मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस बल तैनात रहा और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने लगातार निगरानी रखी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। सावन के अंतिम सोमवार पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजते रहे।