✅ न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का समापन, बाइक रैली से दिया जागरूकता का संदेश
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 14 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित ष्न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताहष् का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा यातायात पुलिस विभाग के समन्वय से बाइक रैली निकाली गई।
बाइक रैली का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा श्री अरविंद रघुवंशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कानूनी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने नागरिकों को हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विधिक सहायता का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है, न्याय से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे।
बाइक रैली में न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सौरभ कुमार दुबे, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री जगदीश विश्वकर्मा, सचिव श्री शैलेन्द्र जोशी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैनल अधिवक्तागण, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारीगण, यातायात पुलिस विभाग तथा पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।न्यायोत्सव सप्ताह के दौरान जेल में बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु शिविर, स्कूलों में विधिक साक्षरता शिविर एवं प्रतियोगिताएं, दिव्यांगजनों के लिए न्याय तक पहुंच सुगम बनाने हेतु शिविर तथा श्रमिक बस्तियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में श्रमिकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं तथा शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
#Harda #हरदा