पहली बार चखा मक्के की रोटी का स्वाद
महानगरों से आए पर्यटकों को भा रही है समा की खीर
===================================
मक्के की रोटी, बैंगन भर्ता, समा की खीर, चावल के पापड़ जैसे पारंपरिक व्यंजन होम स्टे में आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए हैं। विशेष रूप से महानगरों से आने वाले पर्यटक इन व्यंजनों के स्वाद के दीवाने हो रहे हैं। हाल ही में पर्यटन ग्राम देवगढ़ पहुंचे पर्यटकों को जब मक्के की रोटी और जैविक खाद से उगाई गई सब्जियों से सजी थाली परोसी गई, तो उन्होंने इसके स्वाद की जमकर सराहना की।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर तालुका के माहुली गांव निवासी 50 वर्षीय श्रीमती रंजना बुधाजी घाटाल, 24 वर्षीय श्री आकाश भिवा खरपड़े सहित कई पर्यटकों ने पहली बार मक्के की रोटी और समा की खीर का स्वाद चखा। पर्यटकों ने पारंपरिक ग्रामीण भोजन को बेहद पसंद किया। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की होम स्टे परियोजना ने छिंदवाड़ा के पर्यटन ग्रामों की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी होम स्टे में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण जीवन का अनुभव लेने आने वाले अधिकांश पर्यटक चूल्हे पर तैयार पारंपरिक भोजन को प्राथमिकता देते हैं। जिले के पर्यटन ग्रामों में आने वाले पर्यटकों को घर-आंगन में उगाई गई ताजी सब्जियों से तैयार भोजन परोसा जा रहा है, जिससे होम स्टे संचालकों की आय में भी वृद्धि हो रही है।
पर्यटन ग्राम देवगढ़, धूसावानी, चिमटीपुर, चोपना, सावरवानी और काजरा में होम स्टे संचालक अपने घरों के आंगन में टमाटर, बैंगन, बरबटी, लौकी, गिलकी, मटर सहित विभिन्न सब्जियां जैविक खाद के उपयोग से उगा रहे हैं। इन सब्जियों का उपयोग पर्यटकों को परोसे जाने वाले भोजन में किया जा रहा है।
जिले में 57 होम स्टे संचालित- छिंदवाड़ा जिले में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा 12 गांवों का चयन पर्यटन ग्राम के रूप में किया गया है। इन गांवों में वर्तमान में 57 होम स्टे संचालित हैं, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक हैं। मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी होम स्टे में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं, ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
#MPTourism #होम_स्टे
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Madhya Pradesh Tourism
Jansampark Madhya Pradesh