आज दिनांक 02.06.2026 को काराकाट प्रखंड के काराकाट पंचायत सरकार भवन में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रमाण पत्र एवं शौचालय निर्माण की राशि का वितरण किया तथा कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान कराया।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभुकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया तथा लाभुकों को इसकी जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने स्वयं उपस्थित होकर आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की उद्देश्य है कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उनकी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। इसी उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के आयोजन से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हो रही है।
जिले में अब तक कुल 4044 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3304 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।
डीपीआरओ आशीष रंजन ने बताया कि सहयोग शिविर में काराकाट के सोनवर्षा पंचायत में बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार, अकोढ़ी गोला के पकरिया पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी निलेश कुमार, बिक्रमगंज के खैरा बुधर में डीसीएलआर संतोष कुमार, चेनारी के मल्हीपुर पंचायत में जिला पंचायती राज पदाधिकारी अमृता ओशो, डेहरी के गंगौली पंचायत में वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप, दिनारा के अकोढ़ा पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज प्रभात कुमार, करगहर के शिवन पंचायत में डीसीएलआर अशोक कुमार, कोचस के कपसिया पंचायत में वरीय उप समाहर्ता विनीता कुमारी, नासरीगंज के धनाव पंचायत में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शशि शंकर, नौहट्टा के यदुनाथपुर पंचायत में नगर आयुक्त सासाराम विकास कुमार, नोखा के मौडीहा पंचायत में उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, राजपुर के बरना पंचायत में डीपीजीआरओ सुभाष कुमार, रोहतास के बकनौरा पंचायत में अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन, सासाराम के करसेरुआ पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम नेहा कुमारी, शिवसागर के पडुरी पंचायत में वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल, सूर्यपुरा के सियोबहार पंचायत में जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं तिलौथू के चितौली पंचायत में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एमडी जफर हसन शामिल हुए।
#iprd
#sahyogshivir
#जिला_प्रशासन_रोहतास
#GoodGovernance
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jun 2, 2026