श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों हेतु विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
--
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार श्रवण एवं वाक् दिव्यांग समुदाय के सदस्यों हेतु राज्यव्यापी विधिक जागरूकता एवं पहुंच अभियान ‘‘अनुगूंज‘‘ के अंतर्गत शनिवार को ए.डी.आर. सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अशोकनगर में श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अशोकनगर श्री सतीश चन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में तथा जिला न्यायाधीश श्री संजीव सिंघल एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अशोकनगर श्री मनीष अनुरागी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। शिविर में सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, श्रवण एवं वाक् बाधित हितग्राही, उनके अभिभावक, लीगल एड डिफेंस काउंसल के अधिवक्तागण, पैरालीगल वालंटियर्स तथा अन्य संबंधित हितधारकों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा यूट्यूब के माध्यम से प्रसारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रातः 10ः30 बजे से सायं 5ः00 बजे तक अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा उपस्थित दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी श्रवण क्षमता का परीक्षण भी किया गया। जिन हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र लंबित थे, उनके लिए पैरालीगल वालंटियर्स के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई।
कार्यक्रम में आए सभी हितग्राहियों एवं उनके परिजनों हेतु नाश्ता, चाय एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई। शिविर में लगभग 100 से अधिक व्यक्तियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
#ashoknagar