विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस
भिवानी के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को मिले प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षा के गुर
आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार देने के प्रति जागरूक करना है विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस का उद्देश्य : प्रदीप कुमार
18 हजार से अधिक युवाओं को वर्ष 2025-26 में दिया गया फस्र्ट एड व सीपीआर का प्रशिक्षण : सचिव प्रदीप कुमार
भिवानी, 12 सितंबर : विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला रेडक्रॉस सोसायटी भिवानी द्वारा रेडक्रॉस भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में विशेष प्राथमिक सहायता एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह पूरा अभियान सेंट जॉन एम्बुलेंस (इंडिया) भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी व महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार भिवानी रेडक्रॉस के अध्यक्ष एवं उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन तथा रेडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत स्थानीय राजकीय शिक्षण महाविद्यालय व राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में एनसीसी व एनएसएस के स्वयंसेवकों सहित अन्य युवाओं को जिला प्रशिक्षण अधिकारी विकास कुमार व उनकी टीम के फस्र्ट एड प्रवक्ताओं द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर दुर्घटना के समय त्वरित प्रतिक्रिया देने, बहते रक्त को रोकने, सही तरीके से पट्टी बांधने, बेहोश व्यक्ति को संभालने और सही तकनीक से सीपीआर देने का व्यावहारिक अभ्यास (प्रैक्टिकल डेमो) कराया गया। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि वर्ष 2000 से हर वर्ष सितंबर माह के दूसरे शनिवार को विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस पूरे विश्वभर में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार देने के प्रति जागरूक करना है। सडक़ दुर्घटना हो या अचानक स्वास्थ्य बिगडऩा, अस्पताल पहुंचने से पहले का समय जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है। इस अवसर पर भिवानी रेडक्रॉस के सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि सडक़ दुर्घटना या किसी भी अचानक आई चिकित्सीय आपात स्थिति के दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले का समय किसी भी व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद संवेदनशील होता है। यदि उस दौरान सही प्राथमिक उपचार मिल जाए, तो घायल या मरीज की जान बचाई जा सकती है। हमारा मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को आपदा या आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।
सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 18 हजार से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को विभीन्न प्रकार का प्राथमिक सहायता व सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा एक दिवसीय बेसिक फस्र्ट एड एवं होम नर्सिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सचिव ने बताया कि भिवानी जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य सुरक्षा और आपातकालीन देखभाल के प्रति जागरूक करने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर डा. त्रिलोकचंद प्राचार्य ने रेडक्रॉस सचिव का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. अजीत कुमार, डा. ज्योति, प्रो. मोनिका, अमित कुमार, डा. रचना शर्मा, मनोज कुमार, मनीष कुमार, फूल कुमार, महेंद्र भी उपस्थित रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Sep 12, 2026