डीसीपी अदिति सिंह ने दिखाई ‘रन फॉर फन’ को हरी झंडी, फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर दौड़े डीएवी स्कूलों के छात्र
पंचकूला/ 02 अक्टूबर:- स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से डीएवी स्कूल्स पंचकूला क्लस्टर की ओर से शुक्रवार को ‘रन फॉर फन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के प्रेसिडेंट पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी जी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में पंचकूला की डीसीपी आईपीएस अदिति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों को फिटनेस, अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए ‘रन फॉर फन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
डीसीपी अदिति सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। बच्चों और युवाओं में छोटी उम्र से ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल अपने लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी बदलाव के वाहक बन सकते हैं। यदि प्रत्येक विद्यार्थी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए, तो इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।
कार्यक्रम के दौरान रीजनल असिस्टेंट एवं प्रधानाचार्या श्रीमती जया भारद्वाज ने मुख्य अतिथि डीसीपी अदिति सिंह का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से 5आर- रिफ्यूज़, रिड्यूस, रीयूज़, रिपर्पज़ और रिसाइकल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
‘रन फॉर फन’ में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और 5आर से जुड़े रंग-बिरंगे संदेशों वाली तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान दौड़ केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं रही, बल्कि यह स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता अभियान का रूप ले गई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। विद्यार्थियों ने एकजुटता, अनुशासन और सामाजिक भागीदारी की भावना के साथ स्वस्थ एवं स्वच्छ भविष्य का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने, सोच-समझकर संसाधनों का उपयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के संकल्प के साथ हुआ।