गांधी जयंती पर भोज मटौर मांधना में विशेष ग्राम सभा, ग्रामीणों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
पंचकूला, 2 अक्तूबर। गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत भोज मटौर के गांव मांधना में आयोजित विशेष ग्राम सभा में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
ग्राम सभा को संबोधित करते हुए विजयेंद्र कुमार ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को सेवा संकल्प अभियान, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभाएं लोकतंत्र की बुनियादी रीढ़ हैं। इनमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा गांव को कचरा मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया।
ग्रामीणों की समस्या सुन रिटेनिंग वॉल का किया निरीक्षण
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने भोज मटौर में दो गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल की समस्या उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए विजयेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर रिटेनिंग वॉल का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों को आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिटेनिंग वॉल का जल्द और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पोषण कार्यक्रम में भी लिया हिस्सा
इसके बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित पोषण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा शिशुओं के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लेकर माताओं और बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला परिषद पंचकूला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्य, उपनिदेशक उत्तम ढालिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह, एसईपीओ सोनू, सरपंच भोज मटौर-मांधना पंचपाल शर्मा, ग्राम सचिव बलजीत सहित ब्लॉक एवं पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।