जैसलमेर में भारत-फ्रांस के बीच ऐतिहासिक समझौता
भारत में फ्रांस के राजदूत महामहिम डॉ. थियरी माथू ने 9 और 10 नवंबर 2026 को जैसलमेर की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पूरी की।
वर्ष 2025 में जैसलमेर और फ्रांस के ऐतिहासिक शहर कार्कासोन (Carcassonne) के बीच हुए सिस्टर सिटी समझौते को आगे बढ़ाते हुए, इस यात्रा के दौरान CITTA India और फ्रांस के दूतावास ने कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण आशय पत्र (LoI) पर हस्ताक्षर किए।
इस साझेदारी के तहत फ्रेंच इंस्टीट्यूट इन इंडिया (IFI) के सहयोग से पेरिस की प्रसिद्ध संस्था Les Ateliers Alix के विशेषज्ञ राजकुमारी रत्नावती गर्ल्स स्कूल का दौरा करेंगे।
यहां वे छात्राओं और स्थानीय महिला कारीगरों को आधुनिक डिजाइन एवं हाई फैशन (Haute Couture) का प्रशिक्षण देंगे।
यह पहल थार की पारंपरिक हस्तकला और फ्रांस की आधुनिक कलात्मकता का अनूठा संगम बनेगी। इससे राजस्थान की स्थानीय हस्तकलाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी और क्षेत्र की बेटियों एवं महिलाओं को प्रशिक्षण, रोजगार तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्राप्त होंगे।
यह पहल केवल कला और संस्कृति का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि थार की बेटियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Barmer, Barmer | Nov 12, 2026