#SevaSankalpAbhiyan के तहत शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मुरैना में कैरियर काउन्सलिंग पर हुआ विशेष व्याख्यान
कैरियर विकल्पों और रोजगार के अवसरों की जानकारी से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, मुरैना में विद्यार्थियों को कैरियर विकल्पों, तकनीकी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं कौशल विकास के संबंध में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुसार कैरियर का चयन करने और निर्धारित लक्ष्य के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय, मुरैना से प्रधान काउंसलर डॉ. विजय आदित्य, विषय विशेषज्ञ श्री सुनील राठौर, श्री पवेज खान एवं श्री मुन्नालाल राठौर ने विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 28 एवं 30 सितम्बर को आयोजित भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सेवा कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अंकुश कुमार डंडोतिया, योगेन्द्र सिंह गुर्जर एवं हरीशचन्द्र प्रजापति को, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले कुलदीप रामपुरे एवं भूपेन्द्र मौर्य, विकास कुशवाह को तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अर्नब सिकरवार को सम्मानित किया गया।
मुख्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री दिलीप गांगिल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर, जननीति विषय पर विशेष व्याख्यान तथा नशा मुक्त भारत अभियान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रधान काउंसलर डॉ. विजय आदित्य ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के बाद उपलब्ध रोजगार के अवसरों, उच्च शिक्षा, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और कौशल विकास के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान के साथ संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं व्यावहारिक दक्षताओं का भी विशेष महत्व है। विद्यार्थियों ने कैरियर एवं रोजगार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने भविष्य के संबंध में सही दिशा निर्धारित करने और उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, अपने कौशल को विकसित करने तथा लक्ष्य के प्रति अनुशासित रहकर प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम नोडल अधिकारी श्री कपिल राजे, श्री धर्मेन्द्र कुमार, श्री जितेन्द्र सिंह, श्री जसवंत सिंह, सुश्री राखी शर्मा, श्रीमती फराह खानम, श्रीमती कृष्णा यादव, श्री दीपेन्द्र राजपूत, श्री अरुण उच्चकोटिया, श्री देवेन्द्र शर्मा, श्री प्रहलाद कुमार शुक्ल, श्री शैलेन्द्र सिंह तोमर, श्री नंदकिशोर मारन, श्री अंकित पाराशर, श्री कुलदीप धाकड़ सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री सक्सेना ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh