युवक ने घर के बाहर लगाया सीसीटीवी कैमरा, शराब माफिया ने कर दिया लाठियों से हमला, युवक फिर भी नहीं माना👇
मुरैना के रामपुर थाना क्षेत्र के तहत चंद्रपुरा गांव में बुधवार रात CCTV कैमरे को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के चार लोगों ने 25 वर्षीय युवक कृष्ण पाल जाटव के साथ लाठियों से मारपीट कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मुरैना रेफर किया गया है।
चंद्रपुरा गांव निवासी कृष्ण पाल जाटव (25), पुत्र रतन लाल जाटव ने अपने घर के बाहर CCTV कैमरे लगवा रखे हैं। फरियादी का आरोप है कि गांव के बीरेन्द्र निबोरिया, रविकांत निबोरिया, सचिन निबोरिया और हरि सिंह निबोरिया अवैध शराब बेचते हैं। कृष्ण पाल के मुताबिक, घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में शराब से जुड़ी गतिविधियां रिकॉर्ड हो जाती थीं। इसी बात को लेकर आरोपी उससे नाराज थे।
फरियादी के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे चारों लोगों ने उसके साथ लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में कृष्ण पाल को गंभीर चोटें आईं। रामपुर थाना पुलिस के अनुसार कृष्ण पाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी अजय बेसानदर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।