*प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से खुला वर्षों पुराना रास्ता, 600 बीघा कृषि भूमि तक पहुंच हुई सुगम*
*प्रशासन ने लिया संज्ञान, राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हटाया अतिक्रमण*
*सवाई माधोपुर,14 अक्टूबर ।* जिले की बौंली तहसील के ग्राम सुंदरपुर में वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद पड़े आम रास्ते को प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण मुक्त करवा दिया। रास्ता खुलने से करीब 500 से 600 बीघा कृषि भूमि तक किसानों एवं ग्रामीणों की आवाजाही सुगम हो गई है। इससे खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में आ रही बाधा दूर होने के साथ ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
*रास्ते पर अतिक्रमण और किसानों की परेशानी से संबंधित खबर पर संज्ञान*
तहसीलदार छीतर लाल मीणा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। राजस्व टीम की कार्रवाई से लंबे समय से बंद रास्ता आवागमन के लिए खुल गया। इससे किसानों को अपनी कृषि भूमि तक पहुंचने, कृषि उपकरण ले जाने तथा फसल संबंधी कार्य समय पर करने में सुविधा मिलेगी। रास्ता बंद होने से खेती-किसानी प्रभावित होने और ग्रामीणों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करने की स्थिति अब दूर हुई है। कार्रवाई में पटवारी दिनेश मीणा, हरिकेश गुर्जर, मंचिता गुर्जर एवं कमल तथा आईएलआर मनराज बैरवा का सहयोग रहा।
समाचार के माध्यम से सामने आई जनसमस्या पर त्वरित संज्ञान लेकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
---000---