चुनार में बाढ़ जैसे हालात, जरगो बांध का गेट खुलते ही सड़कों पर बहा पानी
चुनार। लगातार बारिश के बीच जरगो बांध के गेट खोले जाने के बाद जरगो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। चुनार क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और कई स्थानों पर नदी का पानी सड़कों व मोहल्लों तक पहुंच गया है। जरगो नदी के उफान की ऐसी स्थिति पहले भी चुनार के कई इलाकों को प्रभावित कर चुकी है।
चुनार-जमुई मार्ग पर जरगो नदी का पानी बहने लगा है। सरैया-सिकंदरपुर से लेकर लाल दरवाजा तक कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं लाल दरवाजा, कजिया समेत आसपास के मोहल्लों में पानी पहुंचने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों में लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन और संबंधित विभागों से स्थिति पर नजर रखने तथा प्रभावित इलाकों में आवश्यक सावधानी बरतने की मांग की जा रही है।
#TodayMirzapur #Mirzapur #Chunar #JargoDam #JargoRiver #Flood #चुनार #मिर्जापुर #जरगोबांध #बाढ़