12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज, लंबित ट्रैफिक व RTO चालान मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर,
शिवहर:आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्षता में हुई।बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में आने वाले पक्षकारों एवं आम लोगों की सुविधा को लेकर पेयजल, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए लोक अदालत के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ट्रैफिक चालान एवं आरटीओ (RTO) चालान वादों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 90 दिनों या उससे अधिक समय से लंबित तथा लोक अदालत में निपटारे योग्य चालान मामलों को अधिक से अधिक संख्या में सुलह एवं समझौते के लिए प्रस्तुत किया जाए, ताकि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।इस दौरान आम लोगों को लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का लाभ दिलाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, जिला परिवहन पदाधिकारी के प्रतिनिधि, डीएसपी (यातायात), नगर परिषद शिवहर के कार्यपालक पदाधिकारी के प्रतिनिधि तथा एलडीएम सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों से अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।