नशे से दूर रहकर युवा बनाएं सशक्त भारत : कंवरपाल
संगीत व शॉर्ट फिल्मों से बताए नशे के दुष्प्रभाव
जगाधरी बस स्टैंड चौक पर नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान
जगाधरी/यमुनानगर। नगर निगम और एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन द्वारा देर शाम डा. बीआर अंबेडकर चौक (जगाधरी बस स्टैंड चौक) के पास नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ ने दीप प्रज्वलित करके किया। उन्होंने युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। उन्होंने युवाओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम का मंच संचालन एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन के नेशनल प्रेसिडेंट अमित मांकट और जूनियर जसपाल भट्टी ने किया। कार्यक्रम में शॉर्ट फिल्मों और संगीत के माध्यम से नशे के कारण होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसानों का प्रदर्शन किया गया। फिल्मों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि कंवरपाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वास से भरपूर होना आवश्यक है। नशे से दूर रहकर युवा शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में बेहतर योगदान दे सकते हैं।
एसडीएम विश्वनाथ ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। युवाओं को नशे से बचाकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना समय की जरूरत है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने युवाओं से अपील की कि वे नशे को जीवन में कभी जगह न दें और अपने साथियों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। समाज के प्रत्येक वर्ग को नशा मुक्ति के प्रयासों में भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मौके पर नगर निगम के सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह राणा, पार्षद प्रियांक शर्मा, नगर निगम की सोशल मीडिया इंचार्ज मुक्ता आदि मौजूद रहें।
फोटो कैप्शन -
कार्यक्रम में प्रस्तुति देते प्रतिभागी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि व अन्य।