उमरिया जिले के मानपुर तहसील अन्तर्गत उमरिया-बकेली मार्ग सड़क निर्माण एवं हुलफल नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्राम उमरिया स्थित वन विभाग बैरियर के पास सामूहिक धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। क्षेत्र के ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा आयोजित इस धरना प्रदर्शन के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान लंबे समय से लंबित सड़क एवं पुल निर्माण की समस्या की ओर आकर्षित कराया गया।
धरना प्रदर्शन के आयोजकों के अनुसार, उमरिया-बकेली, करसऊ, बमेरा, बड़वाही, बगोहा, करौंदिया, सुखदास सहित आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी क्षेत्र में सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया है। इसके चलते आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दो प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन
धरना प्रदर्शन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने हुलफल नदी पर पुल निर्माण कराने तथा उमरिया से मझौली, चहली पुलिया पहुंच मार्ग की शेष सड़क का निर्माण कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल के अभाव में आवागमन प्रभावित होता है तथा ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के साथ ही आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी दोनों प्रमुख मांगों पर शासन-प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल करते हुए निर्माण कार्यों को स्वीकृति नहीं दी जाती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सड़क एवं पुल निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराई जाए, जिससे लंबे समय से विकास की प्रतीक्षा कर रहे गांवों को राहत मिल सके।