ओबीसी की मांगों को लेकर चेयरमैन यशपाल ठाकुर को सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
बीसी-ए और बीसी-बी को क्रमशः 16 व 11 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग
जींद, 21 अक्टूबर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला जींद के प्रतिनिधिमंडल ने ओबीसी समाज की विभिन्न मांगों को लेकर हरियाणा कैशकला एवं कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन यशपाल ठाकुर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा। चेयरमैन यशपाल ठाकुर जींद में सैन धर्मशाला के भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
ज्ञापन सौंपने के बाद लोक संपर्क विभाग हरियाणा के सेवानिवृत्त डीआईपीआरओ एवं सर्व बीसी समाज जींद के जिला संयोजक सुरेन्द्र कुमार वर्मा कोथ, जिला प्रभारी सूरतसिंह बिश्नोई, जिला वरिष्ठ उपप्रधान सुरेश कुमार दिनोदिया तथा रोहिल्ला समाज विकास परिषद जींद के पूर्व प्रधान मा. नारायण सिंह ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से पिछड़ा वर्ग समाज को विभिन्न क्षेत्रों में उचित आरक्षण एवं प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार बीसी-ए और बीसी-बी वर्ग को क्रमशः 16 और 11 प्रतिशत के हिसाब से कुल 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करे। यह आरक्षण विधायिका, न्यायपालिका और कार्यपालिका सहित सभी क्षेत्रों में सुनिश्चित किया जाए, ताकि पिछड़े वर्गों को उनका उचित हक मिल सके।
बैकलॉग भरने और पदोन्नति में आरक्षण की मांग
प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि सरकारी नौकरियों के सभी ग्रुपों ए, बी, सी और डी में बीसी एवं एससी वर्ग के बैकलॉग को प्राथमिकता से भरा जाए। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया और पदोन्नति में बीसी-ए तथा बीसी-बी को क्रमशः 16 और 11 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाए।
लोकसभा और विधानसभा में भी मिले आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व
सर्व बीसी समाज के प्रतिनिधियों ने एससी वर्ग की तर्ज पर बीसी समाज को भी भविष्य में परिसीमन के दौरान लोकसभा और हरियाणा विधानसभा में आबादी के अनुपात में सीटों के आरक्षण का प्रावधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलने से उनकी समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जा सकेगा और समाज के विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर सर्व बीसी समाज जींद के जिला संयोजक सुरेन्द्र वर्मा कोथ, जिला प्रभारी सूरतसिंह बिश्नोई, जिला वरिष्ठ उपप्रधान सुरेश दिनोदिया, संगठन सचिव जयप्रकाश दहिया, रोहिल्ला समाज विकास परिषद जींद के पूर्व प्रधान मा. नारायण सिंह रोहिल्ला, विश्वकर्मा संगठन के राष्ट्रीय उपप्रधान सुलतान आर्य जांगड़ा, बीपीएचओ के जिलाध्यक्ष सोनू प्रजापति, समाज सेविका हेमलता प्रजापति, महेन्द्र बिश्नोई, ईश्वर, राममेहर और धर्मपाल सैन सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से पिछड़ा वर्ग समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें लागू करने की अपील की।