सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन
21 यूनिट रक्त का संग्रहण
-----
कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा श्योपुर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती (अंत्योदय दिवस) के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, श्योपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्राचार्य एवं चेयरमैन युवा रेडक्रॉस डॉ ओपी शर्मा के निर्देशन में आयोजित उक्त शिविर में 21 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ।
युवा रेडक्रॉस शाखा श्योपुर के तत्वाधान में आयोजित रक्तदान शिविर के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का निरंतर विकास हो रहा है, जो प्रसन्नता का विषय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. रमेश भारद्वाज ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रोत्साहन प्रदान करने की बात कही। भारतीय युवा रेडक्रास सोसायटी शाखा श्योपुर के सचिव संगठक श्री दिनेशराज दूबोलिया ने रक्तदान को महादान बताते हुए इसे मानव सेवा एवं परोपकार का महत्वपूर्ण कार्य बताया।
महाविद्यालय के जनभागीदारी अध्यक्ष श्री मनोज सर्राफ ने रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी सहभागियों को साधुवाद दिया। भारतीय युवक रेडक्रास सोसायटी के सचिव एवं संगठक श्री दिनेशराज दूबोलिया ने 17वीं बार तथा जनभागीदारी अध्यक्ष श्री मनोज सर्राफ ने 16वीं बार रक्तदान कर सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
महाविद्यालय के युवा रेडक्रास प्रभारी एवं रक्तदान कार्यक्रम तथा सेवा संकल्प अभियान नोडल डॉ. भूपेन्द्र हरदेनिया ने अपने आभार उद्बोधन में रक्तदान को सभी दानों से बढ़कर बताते हुए रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों, अतिथियों, प्राध्यापकों एवं समस्त महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सीमा चौकसे ने किया, जबकि कार्यक्रम के सफल संयोजन में डॉ. लोकेंद्र सिंह जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विधि महाविद्यालय, शासकीय कन्या महाविद्यालय, एनसीसी, एनएसएस एवं रेडक्रास के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय के कर्मचारियों में मेमराज मीणा ने रक्तदान कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना, भारतीय रेडक्रास सोसायटी के सेवा संकल्प प्रभारी श्री महावीर गुप्ता, रेडक्रास सोसायटी सदस्य श्री विष्णु बाल्मीकि एवं श्री मोहम्मद अशरफ कुर्रेशी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री प्रेमचंद एक्का, श्री अजीत सिंह, श्री शिवम भदौरिया, डॉ. श्याम बामनिया, श्री संजय चौहान, श्री रमेश कुशवाह, श्रीमती शालू दुबे सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में सहभागिता कर रक्तदान अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया।
उक्त कार्यक्रम मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस एवं युवा रेडक्रास सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान आयोजित किया गया। जिसमें जिला नोडल अधिकारी डॉ मनु प्रताप सिंह भदौरिया का सहयोग रहा।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur