#भरतपुर। कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने सोमवार शाम बयाना जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद रंजीता कोली से मुलाकात कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों और स्टेशन के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय, स्टेशन मास्टर कक्ष, यार्ड तथा ट्रैक एवं पॉइंट-क्रॉसिंग की गहन जांच की और अधिकारियों को सभी विकास कार्य समय पर व उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही, बयाना से माल लदान (रैक पॉइंट) शुरू करने की संभावनाओं को लेकर रेलवे अधिकारियों ने संबंधित स्थल की अवसंरचना और परिचालन संबंधी पहलुओं का जायजा लिया। इस व्यवस्था के शुरू होने से स्थानीय व्यापार और उद्योग को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर बयाना व्यापार महासंघ के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंघल और संरक्षक पवन गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जयपुर-बयाना ट्रेन का भरतपुर तक का विस्तार नियमित करने, आगरा कैंट-असरवा व सोगरिया-दिल्ली एक्सप्रेस का बयाना में स्थायी ठहराव देने, कासगंज-भरतपुर ट्रेन का बयाना तक विस्तार करने तथा रिजर्वेशन काउंटर का समय दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक बढ़ाने की मांग की। पूर्व सांसद रंजीता कोली ने भी रेल मंत्री के निर्देशानुसार जल्द ठहराव शुरू होने की उम्मीद जताई, जिस पर डीआरएम ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम योगेश कुमार मित्तल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद मीणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (उत्तर) ऐश्वर्य आलोक, मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर पटेल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Bharatpur, Bharatpur | Aug 31, 2026