स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काज़ा में अतिरिक्त उपायुक्त ने फहराया तिरंगा मार्च पास्ट की ली सलामी
Kullu Times
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह काज़ा के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगन में बडे़ धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त काज़ा शिखा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काज़ा और जेएनवी लरी के एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनांए देते हुए कहा कि इस दिन 15 अगस्त, 1947 को देश गुलामी की बेड़ियों से मुक्त होकर आज़ाद हुआ था। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के अनेकों वीर सपूतों ने मां भारती को गुलामी की जंजीरों से आज़ाद करवाने में अपने प्राणों की आहुति दी थी और शहीदों की कुर्बानियों के फलस्वरूप आज हम खुली हवा में सांस ले रहे है। उन्होंने कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र शहीदों के बलिदान को कभी नही भूलेगा। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता की भावना हमारे देश की ताकत का आधार रही है। हम स्वतंत्रता, समानता और न्याय के उन मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लें, जिसपर हमारे देश का निर्माण हुआ है।
अतिरिक्त उपायुक्त शिखा ने कहा कि आज़ादी केवल अधिकार नहीं है यह एक कर्तव्य भी है। इसलिए देश के प्रति हमें अपने कर्तव्यों को भी निभाना चाहिए और एक विकसित भारत बनाने के लिए विशेषकर युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करना चाहिए। युवा देश का भविष्य होते हैं और उनकी ऊर्जा, रचनात्मकता और नवाचार देश को आगे ले जा सकते हैं।
उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
मुख्य अतिथि ने इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं परैड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किये और स्पीति क्षेत्र में विभिन्न बचाव एवं राहत कार्यों व अन्य गतिविधियों के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल स्थान प्राप्त करने छात्रों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य सोनम तरगे व केसंग रापचिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य व बड़ी संख्या में स्थानीय जनता समारोह में शामिल रहे।
-0-
Kullu, Kullu | Aug 15, 2026