ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन, सर्कल यमुनानगर द्वारा आज समाज सेवा और मानव कल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए जगाधरी बस स्टैंड के निकट होटल स्काईलार्क के बाहर राजमा-चावल के लंगर (भंडारे) का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का आयोजन एसोसिएशन के सदस्य सतीश कुमार गुप्ता के सहयोग से किया गया।
एसोसिएशन के सर्कल सचिव एस.पी. कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि भंडारे में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया तथा प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। उपस्थित लोगों ने भोजन की गुणवत्ता और सेवा भावना की सराहना की।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ‘राधा रसोई’ का संचालन करने वाले सभी सेवादारों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद ये सदस्य निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे हुए हैं, जो वास्तव में अनुकरणीय है।
एसोसिएशन के सर्कल अध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्तियों को भोजन कराना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता का सर्वोत्तम स्वरूप है। उन्होंने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराने से बड़ा कोई पुण्य नहीं माना गया है। ऐसी निस्वार्थ सेवा समाज में प्रेम, सद्भाव, अपनापन और करुणा का संदेश देती है तथा जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का कार्य करती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाज सेवा के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
आज का लंगर एसोसिएशन के सदस्य सतीश गुप्ता द्वारा अपने पुत्र जतिन गुप्ता के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कराया गया। लंगर के उपरांत उपस्थित सभी लोगों को मीठे हलवे का प्रसाद भी वितरित किया गया।
आज के आयोजन की विशेषता यह रही कि एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति के सदस्य श्री चंदर मणि भाटिया तथा श्री एम.पी. कालरा ने पूरे समय स्वयं उपस्थित रहकर लंगर वितरण की जिम्मेदारी संभाली और सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया।