राष्ट्र एकता और अखंडता में डॉ. श्यामा प्रसाद का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा : सुमन बहमनी
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के सशक्त प्रतीक थे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी - सुमन बहमनी
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मेयर सुमन बहमनी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
यमुनानगर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं देश की एकता-अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले महान नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर तिलक नगर स्थित वार्ड 20 के पार्षद विक्रम राणा के निवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर सुमन बहमनी ने कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सभा को संबोधित करते हुए मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि वे राष्ट्रवाद, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा और राष्ट्र की अखंडता को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। देशहित के लिए किए गए उनके संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने उस समय देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि मानते हुए अलगाववादी सोच का डटकर विरोध किया। जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था के विरुद्ध उन्होंने आवाज उठाई और देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए संघर्ष किया। इसी संघर्ष के दौरान उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह बलिदान देश की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रमाण है।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि आज का दिन केवल श्रद्धांजलि देने का नहीं, बल्कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का भी है। उन्होंने युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र प्रथम की भावना को अपनाते हुए समाज और देश के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज जिस आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है, उसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और सपनों की झलक दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ नहीं होता। उन्होंने सत्ता या पद के लिए नहीं, बल्कि देश की एकता और करोड़ों देशवासियों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। यही कारण है कि उनका जीवन आज भी करोड़ो कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी तथा भारत की एकता और अखंडता के इतिहास में उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर अपने विचार व्यक्त किए और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र सेवा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, वार्ड पार्षद विक्रम राणा, जयपाल धीमान, परवीन कुमार, विवेक शर्मा, जरनैल सिंह, नरेंद्र गोयल, पूजा रानी, बॉबी, सोम प्रकाश कश्यप, हनी, जोनी, धर्मेंद्र, राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।