नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय मास्टर वॉलिंटियर्स प्रशिक्षण सम्पन्न
नशा उन्मूलन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया गया प्रशिक्षित
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष डिण्डौरी में जिला स्तरीय मास्टर वॉलिंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा उन्मूलन संबंधी गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित करना तथा समाज में प्रभावी जनजागरूकता अभियान संचालित करने हेतु तैयार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान केवल शासन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक व्यापक आंदोलन है। युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता से ही नशा मुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कार्यालय स्टाफ, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, डीडीआरसी स्टाफ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण का संचालन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा किया गया तथा तकनीकी सहयोग मध्यप्रदेश जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी), भोपाल के विशेषज्ञों ने प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान नशे की रोकथाम, समुदाय आधारित जागरूकता, पुनर्वास एवं परामर्श सेवाएं, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम, युवाओं की सहभागिता, जनसंपर्क रणनीति, नशा मुक्त भारत अभियान पोर्टल पर पंजीयन तथा "नशा मुक्ति मित्र" की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा केन्द्र, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नगर परिषद, जिला शहरी विकास अभिकरण, नेहरू युवा केन्द्र तथा शासकीय पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सहित विभिन्न विभागों के मास्टर वॉलिंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति मित्र के रूप में पोर्टल पर पंजीयन कर प्रमाण-पत्र प्राप्त किया तथा नशा मुक्त भारत की शपथ ली। प्रशिक्षित मास्टर वॉलिंटियर्स अब अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संवाद एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वाल्मी भोपाल के विशेषज्ञ डॉ. अतुल कुमार रायजादा एवं श्री नीरज बंदेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिण्डौरी श्री दिव्यांशु चौधरी, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री श्याम सिंगौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चयनित मास्टर वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP