गुनाहों की दुनिया से कुछ पल दूर हुए बंदी,हंसी-मजाक से गूंज उठी जिला जेल
शाहजहांपुर। जिला जेल में कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। आमतौर पर बंदियों की दिनचर्या और गंभीर माहौल के बीच जेल परिसर हंसी के ठहाकों से गूंज उठा। इंडियन लाफिंग बुद्धा नागेश्वर दास ने अपने अनूठे अंदाज से बंदियों को खूब हंसाया और उन्हें तनाव से दूर रहकर सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया। हास्य गतिविधियों और लाफिंग एक्सरसाइज के दौरान बंदी भी खुलकर हंसे और कुछ पल के लिए अपनी परेशानियों को भूल गए।जेल अधीक्षक जितेंद्र प्रताप तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह, जेलर राम नरेश गौतम, पूनम तिवारी, बांके लाल और मयंक चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। नागेश्वर दास ने बंदियों को समझाया कि हंसना केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। खुलकर हंसने से तनाव कम होता है और मन में सकारात्मक विचार आते हैं। उन्होंने कहा कि इंसान जैसी सोच रखता है, धीरे-धीरे उसका व्यक्तित्व भी वैसा ही बनता जाता है। इसलिए जीवन में सकारात्मक विचारों को जगह देनी चाहिए।उन्होंने बंदियों को आत्मचिंतन का संदेश देते हुए कहा कि किसी को माफ कर दें और यदि स्वयं से कोई गलती हुई है तो उसके लिए माफी मांग लें। इससे मन का बोझ हल्का होता है और जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता मिलता है। उन्होंने गीता के श्लोक के माध्यम से भी सकारात्मक सोच का महत्व समझाया। इस दौरान 'मुजरिम न कहना मुझे, लोगों मुजरिम तो सारा जमाना है' गीत सुनाकर बंदियों को भावनात्मक संदेश दिया।कार्यक्रम में नागेश्वर दास ने बंदियों को प्राणायाम भी कराया। 'इतनी शक्ति हमें देना दाता' प्रार्थना के साथ उन्हें जीवन में अच्छे कार्य करने और अपनी सोच बदलने का संकल्प दिलाया गया। जेल अधीक्षक जितेंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि हंसने से बौद्धिक विकास होता है। जहां चाह होती है वहां राह भी निकल आती है। हमारे भाव जैसे होंगे, भविष्य भी वैसा ही बनेगा। उन्होंने बंदियों को प्रेरित किया कि जेल से बाहर निकलने के बाद अच्छी सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नई शुरुआत करें और समाज में बेहतर जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ें।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Nov 22, 2026