समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 06.10.2026*
==================
कैमूर में जनता के द्वार पहुंचा प्रशासन: ‘सहयोग शिविर’ में 94 समस्याओं का मौके पर ही निपटारा
जिला पदाधिकारी, कैमूर के नेतृत्व में जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में जन-कल्याणकारी एवं पारदर्शी प्रशासन को गति देने के उद्देश्य से एकदिवसीय विशेष ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की स्थानीय समस्याओं, शिकायतों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का निष्पादन सीधे ग्राम स्तर पर करना है।
शिविर के दौरान राजस्व, आपूर्ति, कल्याण, पंचायती राज, ग्रामीण विकास तथा कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने मौके पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए।
जिले की 11 पंचायतों में कुल 168 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 94 मामलों का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 74 आवेदनों को समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
प्रखंडवार स्थिति:
अधौरा: कुल 35 आवेदन मिले, जिनमें से रिकॉर्ड 34 मामलों का मौके पर ही समाधान हुआ।
नुआँव: प्राप्त सभी 8 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन किया गया।
चाँद: 14 में से 13 मामलों का त्वरित निपटारा हुआ।
भभुआ (सिओं): 14 में से 11 मामलों का समाधान किया गया।
चैनपुर: 19 में से 14 मामलों का निष्पादन हुआ।
मोहनियाँ (भरखर): 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 11 का निपटारा किया गया व 17 प्रक्रियाधीन हैं।
दुर्गावती (अवहियां): 8 में से 3 आवेदनों का निष्पादन हुआ।
कुदरा (चिलबिली - 20), रामगढ़ (सिसौडा - 11), रामपुर (बेलांव - 10) एवं भगवानपुर (1): इन प्रखंडों में प्राप्त आवेदनों को संबंधित पदाधिकारियों द्वारा प्राथमिकता सूची में दर्ज कर लिया गया है।
शिविर की उपलब्धियां:
राजस्व व भूमि संबंधित मामले: भूमि विवाद, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन तथा लगान रसीद से जुड़े आवेदनों की जांच कर मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
सामाजिक सुरक्षा व कल्याण: वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन के नए आवेदनों की प्रविष्टि तथा आधार सीडिंग की लंबित प्रक्रिया को पूरा कराया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति: राशन कार्ड में नाम जोड़ने/हटाने तथा नए राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदनों का सत्यापन किया गया।
जन-शिकायत निवारण: ग्रामीणों द्वारा प्राप्त अन्य स्थानीय समस्याओं को पंजीबद्ध कर संबंधित पदाधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निष्पादन का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अंचलाधिकारियों (CO) और संबंधित नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त जिन आवेदनों का निष्पादन तकनीकी कारणों से तुरंत नहीं हो सका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से हल करें।
जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, बल्कि प्रशासन स्वयं नागरिकों के द्वार पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
#PublicGrievance #SahyogShivir #GoodGovernance #kaimur #JanSamasyaNivaran
#kaimurdm #samratchoudhary #CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Oct 6, 2026