नामकुम में मसाज के बहाने बुलाकर लूट और ब्लैकमेलिंग का आरोप, तीन गिरफ्तार
#रांची:- नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के नाम पर एक व्यक्ति को घर बुलाकर उसके साथ मारपीट, लूटपाट और ब्लैकमेलिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नामकुम थाना कांड संख्या 264/26 के तहत की गई।
पुलिस को 25 सितंबर को पुरानी रांची कोतवाली निवासी मोहम्मद नसीम ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मसाज के बहाने घर बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट कर 46 हजार रुपये और गले में पहनी सोने की चेन लूट ली गई। इसके बाद वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस की टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सानिया प्रवीण (24), मोहम्मद हैदर (25) और मोहम्मद वसीम उर्फ छोटू (29) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य लोगों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर उन्हें घर बुलाते थे। आरोप है कि वहां मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पीड़ितों को ब्लैकमेल किया जाता था और उनसे पैसे की मांग की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
#Ranchi #Namkum #RanchiPolice #JharkhandNews #CrimeNews #NamkumPolice #RanchiCrime #BreakingNews #JharkhandPolice #CrimeUpdate #ViralNews #LatestNews #RanchiNews #Jharkhand #LoktantraBharat #लोकतंत्रभारत