खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी से बाजार में हड़कंप, शटरें पटक कर भागे दुकानदार
मिठाई की दुकान से भरा नमूना, खराब मिठाई की शिकायत पर हुई कार्रवाई
कोंच। कस्बे में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अधिकांश दुकानदार शटरें पटक कर भाग खड़े हुए। टीम ने मोहल्ला जयप्रकाश नगर में ढपली की मिठाई की दुकान पर छापेमारी की और दूध की वर्फी के नमूने एकत्रित किए। बताया गया है कि पिछले दिनों एक अधिवक्ता द्वारा उक्त दुकान पर खराब मिठाई बेचे जाने की शिकायत की थी जिस पर यह कार्रवाई की गई है।
टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिठाई कारोबारियों और खाने-पीने का सामान बेचने वाले दुकानदारों में हलचल मच गई। छापेमारी की कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीके राय के नेतृत्व में की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, झंकार सिंह, अनिल कुमार और कटियार शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकान पर पहुंचकर मिठाइयों की जांच की और अलग-अलग नमूने भरे। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति स्पष्ट हो सके। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट क्या आती है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
Konch, Jalaun | Nov 13, 2026