छठ महापर्व को लेकर सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र में युद्धस्तर पर चल रही तैयारियां, छठ घाटों का हो रहा सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार सीतामढ़ी शहर के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, मरम्मती एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों की सफाई के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले गली-मोहल्लों, नालों एवं सड़कों की भी साफ-सफाई कराई जा रही है। घाटों को आकर्षक स्वरूप देने के लिए सीढ़ियों पर रंग-रोगन एवं पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है, जिससे घाटों की सुंदरता बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
इसके अतिरिक्त छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटिंग, सुरक्षा एवं निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, शुद्ध पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व के दौरान सीतामढ़ी शहर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन, सीतामढ़ी