निर्माणाधीन मकान में घुसकर परिवार पर हमला, एसएसपी से शिकायत
बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जाम सावंत दक्षिणी निवासी डालदेई पत्नी स्वर्गीय मंगली प्रसाद ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर दबंगों पर निर्माणाधीन मकान में घुसकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत में बताया कि वह पुराने जर्जर मकान को तुड़वाकर नया निर्माण करा रही हैं। आरोप है कि पड़ोसी सतीश पहले से रंजिश मानता है और निर्माण के दौरान छत से ईंट-पत्थर फेंकता था। 10 सितंबर की शाम करीब पांच बजे नया गेट लगवाते समय सतीश और उसके परिजनों ने विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर सतीश, उसके बेटे-बेटियों, पत्नी और रिश्तेदारों समेत कई लोग एकराय होकर निर्माणाधीन मकान में घुस आए और पुत्र मुनीश व गिरीश से मारपीट की। बचने के लिए जब परिवार नीलम के घर पहुंचा तो आरोपित वहां भी घुस आए और लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में मुनीश, मोनिका और शिकायतकर्ता के सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं और टांके लगे। अन्य परिजनों के भी घायल होने का आरोप है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपितों ने घर से अद्धे-पत्थर भी फेंके और परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि अभी तक उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। उसने एसएसपी से मुकदमा दर्ज कराकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Bareilly news Live #Bareillypolice