प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
दिनांक 30 सितंबर 2026
..........................................
जिला कृषि कार्यालय, नालंदा के तत्वावधान में आज आत्मा सभागार, नालंदा में Fertilizer Sale Application System (FSAS) App के संबंध में जिले के सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को FSAS App के सुचारू संचालन, उर्वरक बिक्री की ऑनलाइन प्रक्रिया तथा इससे संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए थोक, खुदरा उर्वरक विक्रेताओं एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम NFL के प्रतिनिधि द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उनके द्वारा सभी प्रतिभागियों को FSAS App के उपयोग एवं संचालन के संबंध में गहन एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि FSAS App के माध्यम से उर्वरक बिक्री प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। विक्रेताओं को ऐप में लॉग-इन करने, आवश्यक विवरण दर्ज करने, उर्वरक के स्टॉक एवं बिक्री से संबंधित प्रविष्टियां करने तथा बिक्री प्रक्रिया के दौरान आवश्यक डिजिटल प्रक्रियाओं का पालन करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
नोडल पदाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण के दौरान खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को ऐप के विभिन्न फीचर्स एवं कार्यप्रणाली का प्रायोगिक प्रदर्शन (डेमो) भी कराया गया, ताकि विक्रेता वास्तविक परिस्थितियों में इसका सफलतापूर्वक उपयोग कर सकें। प्रशिक्षण में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि उर्वरक की बिक्री से संबंधित सभी आवश्यक विवरणों की सही एवं समय पर प्रविष्टि की जाए, जिससे उर्वरक के स्टॉक एवं बिक्री की जानकारी अद्यतन एवं पारदर्शी बनी रहे।
विक्रेताओं को FSAS App के संचालन के दौरान आने वाली संभावित तकनीकी समस्याओं, उनके समाधान तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा ऐप के संचालन से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका नोडल पदाधिकारी द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी डॉ नितेश कुमार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उर्वरक बिक्री व्यवस्था में डिजिटल प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से उर्वरक के स्टॉक एवं बिक्री की बेहतर निगरानी, पारदर्शिता में वृद्धि तथा किसानों तक उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी।
जिला कृषि कार्यालय द्वारा सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं से अपेक्षा की गई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का समुचित उपयोग करते हुए FSAS App का नियमित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, उर्वरक बिक्री से संबंधित सभी आवश्यक प्रविष्टियों को सही तरीके से दर्ज करते हुए डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। यह नयी प्रणाली दिनाँक 01/10/2026 से नालंदा जिला में चालू की जाएगी। किसानों से अपील की गई है है कि नयी प्रणाली को अपनाए तथा किसी भी तरह की समस्या आने पर किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क करें. जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बतलाया गया हैं प्रत्येक प्रखंड और जिला स्तर पर किसान हेल्पलाइन की स्थापना की जा रही हैं, इससे किसानों और खुदरा उर्वरक दुकानदारों को किसी भी तरह की समस्या का निराकरण करने में सुविधा होगी.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को FSAS App के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उन्हें ऐप के माध्यम से उर्वरक बिक्री की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु प्रेरित किया गया।
जिला कृषि कार्यालय, नालंदा द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उर्वरक बिक्री व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं प्रभावी बनाना तथा खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को डिजिटल प्रणाली के अनुरूप दक्ष बनाना रहा।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Ministry of Agriculture & Farmer’s Welfare, Government of India
Department of Agriculture, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Sep 30, 2026