*जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं निर्यात प्रोत्साहन समिति की हुई बैठक*
*कलेक्टर ने उद्योग प्रतिनिधियों से किया संवाद*
--------------
कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में गत बुधवार को सायं कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र पन्ना के तत्वाधान में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में नव उद्यमियों सहित जिले के उद्योग प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस मौके पर शासन की नवीन उद्योग नीति के मुताबिक पन्ना जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में बढ़ोत्तरी, नवीन उद्यमों को सहूलियत प्रदान करने और प्रत्येक स्तर पर समस्याओं के त्वरित निराकरण के दृष्टिगत सार्थक संवाद किया गया। कलेक्टर श्रीमती परमार ने कहा कि नवीन उद्यम स्थापना के इच्छुक व्यक्तियों को प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में जिले में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के विकास, उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण सहित स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने तथा जिले से निर्यात को बढ़ावा देने से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। साथ ही उत्पादों और अपने उद्यमों से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। बैठक में लघु उद्योग भारती, फर्नीचर एसोसिएशन, कैट, लघु उद्योग संघ, व्यापार मंडल, विभिन्न व्यापार समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिले के गणमान्य उद्यमी एवं व्यवसायी उपस्थित रहे। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा उद्योगों के विकास एवं निर्यात संवर्धन के लिए संचालित योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
इस बैठक में उद्यमियों द्वारा उठाए गए विषयों पर आवश्यक कार्यवाही एवं संबंधित विभागों के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा पन्ना के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले उद्यम संवाद को लेकर भी सार्थक विचार विमर्श हुआ। आगामी जनवरी माह में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट की महत्वपूर्ण जानकारी से भी उपस्थितजनों को अवगत कराया गया। जिला कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य पर एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत एवं उत्कृष्ट नवाचार व स्टार्टअप पर प्रमाण पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी सहित प्रबंधक दीपेन्द्र पयासी एवं कुलदीप चौरहा तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्योग-व्यापार क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Sep 10, 2026