#बलरामपुर पुलिस का 'मिशन शक्ति' अभियान: महिलाओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेल्पलाइन नंबरों से कराया रूबरू...
#बलरामपुर। जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल प्रभारी) के नेतृत्व में रविवार को जिले भर के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक 'मिशन शक्ति' जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न गांवों, कस्बों और विद्यालयों में ग्राम चौपाल व जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, गुड टच-बैड टच तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन नंबर और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिलाओं को आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—वूमेन पावर लाइन (1090), आपातकालीन सेवा (112), साइबर हेल्पलाइन (1930), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और महिला हेल्पलाइन (181) की जानकारी दी गई। साथ ही थाना स्तर पर संचालित 'मिशन शक्ति केंद्र' व 'परिवार परामर्श केंद्र' की कार्यप्रणाली समझाते हुए जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया और सुरक्षित यातायात के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
#balrampur #balrampurpolic
Balrampur, Balrampur | Sep 13, 2026