देहरादून में ऑनलाइन सट्टे और जुए के बड़े रैकेट का भंडाफोड़: एसएसपी के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 गिरफ्तार
देहरादून:राजधानी देहरादून में अवैध गतिविधियों और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत प्रेमनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों और कुशल नेतृत्व में काम कर रहे कोतवाली प्रेमनगर पुलिस दल ने देर रात एक गोपनीय सूचना के आधार पर हाई-प्रोफाइल जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान मौके से पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो इस अवैध रैकेट को संचालित कर रहे थे।गुप्त सूचना पर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी।
सटीक इनपुट मिलने के तुरंत बाद प्रेमनगर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और त्यागी मार्केट स्थित एक निजी मकान में औचक छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया है कि इस रिहायशी इलाके के बंद मकान के भीतर बेहद शातिर तरीके से नियमित रूप से जुआ खिलाया जा रहा था। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक और मोबाइल ऐप्स का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए सट्टे का काला कारोबार भी धड़ल्ले से संचालित किया जा रहा था।