*मतदाता जागरूकता के तहत निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित*
*युवा एवं विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में शत-प्रतिशत मतदान के महत्व पर रखे विचार*
सलूम्बर, 29 अगस्त। नगर परिषद सलूम्बर नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत मतदाता जागरूकता एवं स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्वीप कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चन्द्र बामनिया, जिला स्वीप प्रभारी अधिकारी रामावतार यादव एवं आयुक्त नगर परिषद सलूम्बर अभिषेक शर्मा के निर्देशन में आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाड़ा रानी राजकीय महाविद्यालय एवं सांवरिया महाविद्यालय में ‘युवा और लोकतंत्र’ तथा ‘लोकतंत्र में शत-प्रतिशत मतदान का महत्व’ विषय पर निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, मताधिकार के महत्व तथा प्रत्येक पात्र मतदाता की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। युवाओं ने अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
सांवरिया कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में नवीन मीणा ने प्रथम, हेमेन्द्र मीणा ने द्वितीय तथा निलेश मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को आयोजकों द्वारा बधाई दी गई तथा अन्य विद्यार्थियों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
जिला निर्वाचन प्रशासन द्वारा नगरीय निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर सलूम्बर क्षेत्र में लगातार विभिन्न स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पोस्टर, स्लोगन, रैली, मतदाता शपथ सहित प्रतियोगिताओं के माध्यम से विशेष रूप से युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्येक पात्र मतदाता निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
Badgaon, Udaipur | Aug 29, 2026