Public App Logo
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने श्री प्रमोद कौशिक को राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण करवाया स्वच्छ भारत मिशन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे प्रमोद कौशिक: श्री विपुल गोयल जनभागीदारी से हरियाणा को और अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य: प्रमोद कौशिक पंचकूला, 18 अगस्त : हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने आज सेक्टर-22 स्थित शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उपाध्यक्ष के रूप में श्री प्रमोद कौशिक को पद का दायित्व ग्रहण करवाया। इस अवसर पर श्री विपुल गोयल ने श्री प्रमोद कौशिक को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री कौशिक अपने अनुभव और कार्यकुशलता से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि श्री प्रमोद कौशिक को उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी मिलने से राज्य में स्वच्छ भारत मिशन को और गति मिलेगी। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। श्री प्रमोद कौशिक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार श्री प्रमोद कौशिक ने राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी लगन, ईमानदारी और मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान पूरे देश में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा में भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में स्वच्छता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। श्री कौशिक ने कहा कि उपाध्यक्ष के रूप में उनका उद्देश्य शहरी स्थानीय निकाय विभाग के साथ मिलकर हरियाणा को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नंबर वन राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में स्वच्छता को लेकर अनेक कार्यक्रम और योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेशवासी स्वच्छता अभियान से जुड़कर हरियाणा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सरकार के साथ साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।जनभागीदारी को और मजबूत करते हुए स्वच्छ और सुंदर हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती रेखा शर्मा, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, पंचकूला के महापौर श्री शाम लाल बंसल, शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश देवीनगर, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री मोहन लाल बडौली, आईएएस (सेवानिवृत) श्री महावीर कौशिक, जिला वन मंडल अधिकारी श्री विशाल कौशिक, मंडल अध्यक्ष श्री प्रमोद वत्स, बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष युवराज कौशिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। - Panchkula News