चुनार बाढ़ क्षेत्र में पहुंचे डीएम, स्वास्थ्य शिविर का लिया जायजा
राहत कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी, जर्जर HT लाइन के तार तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को चुनार के बाढ़ प्रभावित जगदीशपुर उर्फ टम्मलगंज और समसपुर गांव का निरीक्षण किया। टम्मलगंज में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में अब तक 32 लोगों की जांच कर दवा दिए जाने की जानकारी ली और बाढ़जनित बीमारियों को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने टम्मलगंज से तहसील, अस्पताल और बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग के हर वर्ष जलमग्न होने की समस्या बताई। ग्रामीणों ने रपटा पर पुल निर्माण की मांग रखी, जिस पर डीएम ने बताया कि शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
समसपुर में डीएम ने बाढ़ चौकी, राहत सामग्री और कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों तक पारदर्शी तरीके से राहत सामग्री पहुंचाने तथा पशुओं के लिए हरा-सूखा चारा और टीकों की तत्काल व्यवस्था के निर्देश दिए। रात में बाढ़ चौकियों व राहत शिविरों में पर्याप्त प्रकाश और नावों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान लटकते जर्जर HT लाइन के तार देखकर डीएम ने तत्काल अधिशासी अभियंता विद्युत को फोन कर उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#TodayMirzapur #Mirzapur #Chunar #Flood #DM_Mirzapur #PawanKumarGangwar #बाढ़ #मीरजापुर