*#ड्रैगन_फ्रूट की आधुनिक खेती: गर्म जलवायु और कम पानी में बनी मुनाफे की फसल*
......
*बैंक की नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद ग्राम नरावला के कृषक श्री प्रदीप शर्मा ने अपनाई नवाचार की राह*
.....
*एक एकड़ में 1,800 पौधे लगाकर प्रतिवर्ष अर्जित कर रहे हैं 2.60 लाख रुपये की आय*
बड़वानी 24 नवंबर2026/कम पानी और गर्म-शुष्क जलवायु वाले क्षेत्रों में उद्यानिकी फसलों के माध्यम से किसान किस प्रकार बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं, इसके लिए ड्रैगन फ्रूट एक अत्यंत लाभकारी विकल्प बनकर उभरा है। पोषक तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के कारण बाजार में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। इसी अवसर को पहचानते हुए बड़वानी जिले के राजपुर विकासखंड के ग्राम नरावला निवासी कृषक श्री प्रदीप शर्मा ने बैंक की नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद इस आधुनिक खेती को अपनाया और आज वे क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
*हैदराबाद से लिया प्रशिक्षण, उद्यानिकी विभाग और केवीके का मिला संबल*
ड्रैगन फ्रूट की व्यावसायिक संभावनाओं को देखते हुए सेवानिवृत्त बैंक कर्मी श्री प्रदीप शर्मा ने हैदराबाद जाकर इसका विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया और उन्नत किस्म 'पिंक-सी' को खेती के लिए चुना। उन्हें उद्यानिकी विभाग बड़वानी से निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन तथा कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), बड़वानी से भी खेती संबंधी प्रशिक्षण मिला। उद्यानिकी विभाग द्वारा नवाचार गतिविधि के अंतर्गत 200 ड्रैगन फ्रूट के पौधे एवं 50 नग सीमेंट पोल भी प्रदाय किए गए, जिससे उनके प्रयासों को गति मिली।
*क्यों खास है ड्रैगन फ्रूट ('कमलम') की खेती?*
ड्रैगन फ्रूट कैक्टस प्रजाति की एक व्यावसायिक उद्यानिकी फसल है, जो 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के औसत तापमान में अच्छी वृद्धि करती है। बेल की तरह चढ़ने वाले इस पौधे के सहारे के लिए 6 से 7 फीट ऊंचे सीमेंट (आरसीसी) पोल लगाए जाते हैं, जिनके ऊपरी सिरे पर रिंग या टायर जैसी संरचना लगाई जाती है और एक पोल के चारों ओर 4 पौधे रोपे जाते हैं। जड़ें उथली होने के कारण खेत में पानी भरने के बजाय ड्रिप (टपक) सिंचाई कारगर रहती है।
शुरुआती 12 महीनों में पौधे को सीधे ऊपर की ओर बढ़ाया जाता है तथा निचली अतिरिक्त शाखाएं हटा दी जाती हैं। ऊपरी रिंग तक पहुंचने के बाद शाखाओं को नीचे लटकने दिया जाता है, क्योंकि इन्हीं लटकती शाखाओं पर फल लगते हैं और इसके फूल रात में खिलते हैं। रोपण के 12 से 18 महीने बाद पौधों में फल आना शुरू हो जाते हैं तथा तीसरे वर्ष से पूर्ण व्यावसायिक उत्पादन मिलता है। शुरुआती वर्ष में सीमेंट पोल, पौधों और ड्रिप के कारण लागत अधिक आती है, लेकिन दूसरे वर्ष से रखरखाव खर्च नाममात्र रह जाता है और एक बार स्थापित होने पर यह बगीचा 20 से 25 वर्षों तक उत्पादन दे सकता है।
*उत्पादन, बाजार और वार्षिक आय*
कृषक श्री शर्मा ने अपने 1 एकड़ के खेत में 450 सीमेंट पोल लगाकर कुल 1,800 पौधे रोपे हैं, जिसकी कुल प्रारंभिक लागत 5 से 6 लाख रुपये रही। श्री शर्मा के अनुसार, अगस्त से अक्टूबर माह के बीच फसल में 2 से 4 बार तक फ्लावरिंग होती है और फलों की तुड़ाई की जाती है। स्थानीय बाजार में इसके फल 170 से 180 रुपये प्रति किलोग्राम तथा थोक में 110 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहे हैं। वे स्थानीय बाजार के साथ-साथ इंदौर जैसे बड़े शहरों में भी अपनी उपज भेज रहे हैं।
इस नवाचार से श्री शर्मा को वर्तमान में लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये की वार्षिक आय प्राप्त हो रही है। कृषक श्री प्रदीप शर्मा की यह सफलता सिद्ध करती है कि सही प्रशिक्षण, विभागीय मार्गदर्शन और वैज्ञानिक तकनीक के समन्वय से किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
Department of Horticulture, Madhya Pradesh
@topfans
#JansamparkMP
#Badwani
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 24, 2026