लवी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी संगीत के नाम रही, कुलदीप शर्मा ने बांधा समां
- अनुज शर्मा, डिम्पल ठाकुर, ऋषभ सलोत्रा और अंजली ने भी दी शानदार प्रस्तुतियां, मंत्री विक्रमादित्य सिंह रहे मुख्य अतिथि
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी संगीत के नाम रही। शुक्रवार को आयोजित इस संध्या में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। हिमाचल के लोक गायक कुलदीप शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब झुमाया। उनके गीतों पर दर्शक देर तक थिरकते रहे और पूरा मेला परिसर पहाड़ी संगीत की धुनों से गूंज उठा।
सांस्कृतिक संध्या में अनुज शर्मा, डिम्पल ठाकुर, ऋषभ सलोत्रा और कुमारी अंजली सहित प्रदेश के अन्य कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, स्थानीय एवं उभरते कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं मेला समिति अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह को किन्नौरी टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, पूर्व विधायक किशोरी लाल, एडीएम पंकज शर्मा, मेला समिति सचिव एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Rampur, Shimla | Nov 13, 2026