पीलीबंगा में अचानक भरभराकर गिरी मकान की छत, खुले आसमान के नीचे आया गरीब परिवार
खून-पसीने की कमाई से जुटाया गृहस्थी का सारा सामान मलबे में तब्दील, जनहानि टली; प्रशासन व भामाशाहों से मदद की गुहार
#लालबहादुर_भाखर #LatestNews #नगरपालिकापीलीबंगा
पीलीबंगा। शहर के वार्ड नंबर 04, वाल्मीकि पार्क के पास एक गरीब परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पंकज नायक के पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।
हादसा इतना जबर्दस्त था कि कमरे में रखा राशन, कपड़े, बिस्तर, बर्तन और रोजमर्रा की जरूरत का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। वर्षों की खून-पसीने की कमाई से बना आशियाना मिनटों में मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।
छत ढहने से पंकज नायक, उनकी पत्नी सीमा और बच्चे खुले आसमान तले आ गए हैं। परिवार के सामने अब सिर छिपाने के साथ-साथ दो वक्त की रोटी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं से आर्थिक संबल व पुनर्निर्माण के लिए फौरी मदद की गुहार लगाई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी भामाशाहों से संकटग्रस्त परिवार की सहायता के लिए आगे आने की अपील की है।