संत रविदास जयंती की तैयारियों को लेकर समाजजनों के साथ किया संवाद
..
अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार का धमनोदा में भव्य स्वागत, योजनाओं की दी जानकारी
..
विदिशा जिले के ग्राम धमनोदा-खामखेड़ा में रविवार को अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री बारेलाल अहिरवार का समाजजनों द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संत शिरोमणि रविदास समाज मंदिर परिसर में किया गया, जहां श्री अहिरवार ने संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में ग्राम के पूर्व सरपंच श्री भागीरथ अहिरवार द्वारा श्री बारेलाल अहिरवार, श्री माधव सिंह अहिरवार, साधु-संतों, समाजसेवियों तथा विदिशा महापीठ की टीम के सदस्यों श्री चंदन सिंह चौधरी एवं उनके सहयोगियों का पगड़ी एवं माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के लोगों को एकजुट होकर सामाजिक उत्थान एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2027 में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने के लिए अभी से तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज के युवाओं और पदाधिकारियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
श्री अहिरवार ने सागर में निर्माणाधीन लगभग 102 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे संत रविदास मंदिर एवं स्मारक परिसर की जानकारी देते हुए कहा कि यह परियोजना समाज के लिए गौरव का विषय है और आने वाली पीढ़ियों को संत रविदास जी के विचारों एवं संदेशों से प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, साधु-संत, समाजसेवी एवं ग्रामीणों ने श्री बारेलाल अहिरवार का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया। श्री ज्ञान सिंह अहिरवार द्वारा भी अतिथियों एवं समाज के प्रमुख लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी संत-महात्माओं से समाजजनों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश दिया है।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha