Aonenews अरविन्द बक्शी
सेवा संकल्प अभियान' : ' सेवा की कहानी'*
*प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे किसान बलराम
विविध फसलों की खेती से बढ़ी आमदनी और आत्मनिर्भरता
बागवानी विभाग की तकनीकी सहायता से खेती को मिला नया आयाम
सरकार की योजना के तहत लहसुन व मशरूम उत्पादन पर मिल रहा अनुदान
आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को बनाया अधिक सुचारू
सरकार एवं बागवानी विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ रहे किसान
जिला पलवल के गांव कुलैना निवासी किसान बलराम पुत्र हरिचंद पिछले कई वर्षों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती के माध्यम से बागवानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने खेती में विविधता को अपनाते हुए विभिन्न प्रकार के मसाले, सब्जियां, दालें तथा बागवानी पौधे लगाए हुए हैं। प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति उनकी रुचि ने उन्हें पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।#
किसान बलराम ने बताया कि सरकार एवं बागवानी विभाग की ओर से समय-समय पर उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन सुविधाओं का लाभ उठाकर उन्होंने अपनी खेती को अधिक व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने का प्रयास किया है।
बलराम ने बताया कि बागवानी को बढ़ावा देने के लिए खेत में विभिन्न गतिविधियां अपनाई जा रही हैं। इसके अलावा मशरूम हट जैसी सुविधाओं का भी लाभ लिया जा रहा है। लहसुन की खेती तथा मशरूम उत्पादन के लिए विभागीय योजनाओं के तहत अनुदान भी प्राप्त हो रहा है। किसान के अनुसार, लहसुन की खेती के लिए 30 हजार रुपये तथा मशरूम उत्पादन के लिए 22,500 रुपये तक का अनुदान प्राप्त हुआ है, जिससे उत्पादन गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायता मिली है।
बलराम ने कहा कि सरकार की योजनाओं और बागवानी विभाग के तकनीकी सहयोग से किसानों को खेती में नई तकनीक अपनाने तथा अपनी आय के स्रोतों में विविधता लाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग से मिलने वाली सहायता के माध्यम से वे जैविक एवं प्राकृतिक खेती को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने अन्य किसानों से भी आह्वान किया कि वे सरकार एवं बागवानी विभाग की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं तथा आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाकर अपनी कृषि गतिविधियों को मजबूत बनाएं।
किसान बलराम ने किसानों को प्रोत्साहन देने और बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार, जिला प्रशासन पलवल एवं बागवानी विभाग का धन्यवाद व्यक्त किया।
#SevaSankalp
#palwal
Faridabad, Faridabad | Sep 21, 2026