चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए देशभक्ति और भाईचारे का संदेश, देश के प्रति वफादारी का आह्वान
अनोखा तीर, हरदा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्व मानवाधिकार परिषद एवं मदरसा दारूल उलूम नूरी के संयुक्त तत्वावधान में खेड़ीपुरा स्थित मदरसा दारूल उलूम नूरी में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने चित्रकला के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान तथा आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम की थीम “हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा-आइए साथ मिलकर अपने राष्ट्र की आन, बान और शान का जश्न मनाएं” रखी गई। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बच्चों एवं युवाओं ने देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
चित्रकला प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में अजाक्स की पूर्व जिलाध्यक्ष सीमा निराला एवं आर्ट एवं हस्तकला डेवलपमेंट समिति की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि बंसल ने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का मूल्यांकन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मौलाना मिनाजुल कादरी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और गरिमा के साथ मनाने का आह्वान किया।
सैय्यद नजाकत अली बाबा ने देश के प्रति वफादारी का संदेश देते हुए कहा कि हमारी सबसे बड़ी पहचान भारतीय होना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वहीं विश्व मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय संगठन सचिव मुईन अख्तर खान ने कहा कि हमें अपने देश से प्रेम करना चाहिए और उसकी एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में हाजी यामीन पटेल, हाजी सलीम नूरी, मौलाना मिनाजुल कादरी, सैय्यद नजाकत अली बाबा एवं डॉ. रविन्द्र कुशवाहा का सराहनीय योगदान रहा। अंत में मुईन अख्तर खान ने सभी अतिथियों, आयोजकों, बच्चों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
Harda, Harda | Aug 16, 2026