बाइक पर खतरनाक स्टंट करना युवक को पड़ा भारी, मल्लावां पुलिस ने सीज की मोटरसाइकिल
हरदोई सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट कर अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालना एक युवक को महंगा पड़ गया। संडीला-मल्लावां रोड पर पुरबावां और मल्लावां के बीच एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर स्टंट करता दिखाई दिया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
बताया जाता है कि किसी राहगीर ने युवक के स्टंट का वीडियो पीछे से बनाकर मल्लावां पुलिस को भेज दिया। वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और संबंधित बाइक की पहचान कर उसे सीज कर दिया।
पुलिस ने कहा कि सड़क पर स्टंट करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मल्लावां पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर किसी भी प्रकार के खतरनाक स्टंट से बचें, ताकि स्वयं के साथ -साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके
Hardoi, Hardoi | Jun 8, 2026