व्यापार मंडल अनाज मंडी द्वारा अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित
फतेहाबाद। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: व्यापार मंडल अनाज मंडी फतेहाबाद द्वारा नई चुने गए नए पदाधिकारियों व पुराने पदाधिकारियों के लिए अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन अनाज मंडी स्थित श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दुड़ाराम ने विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर व्यापार मंडल अनाज मंडी के प्रधान रमेश तनेजा, पदाधिकारियों व मंडी के व्यापारियों ने पूर्व विधायक दुड़ाराम का स्वागत किया। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने व्यापार मंडल की पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनाज मंडी के सभी व्यापारी एक परिवार की तरह हैं। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनके हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है तथा फसल खरीद को लेकर व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। अनाज मंडी के प्रधान चुने गए रमेश तनेजा व वरिष्ठ उपप्रधान सुरेश बुडलाडिया, उपप्रधान कृष्ण कुमार, सचिव बागराम, सहसचिव सुरजीत कुमार, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने अनाज मंडी के सभी व्यापारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग एवं विश्वास के कारण ही उन्हें दोबारा जिम्मेदारी मिली है और नई कार्यकारिणी व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेगी। कार्यक्रम में चुनाव कमेटी के सदस्यों व मंडी के वरिष्ठ व्यापारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से पुरानी कार्यकारिणी एवं नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को भी स्मृति चिह्न भेंट किए गए। सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में अनाजमंडी व्यापार मंडल के पूर्व पदाधिकारी व काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।