JPSC-JSSC भर्ती सुधार अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत, 24 जिलों में जाएगी यात्रा
रामगढ़, 24 अगस्त 2026: JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को रामगढ़ के लुकैयाटांड़ स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थल से हुई। यहां से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ शुरू की गई, जो झारखंड के सभी 24 जिलों में जाएगी।
यात्रा के दौरान चौक-चौराहों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और प्रतियोगी परीक्षा संस्थानों में छात्रों और युवाओं के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
यात्रा की शुरुआत झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ हुई। इस दौरान झारखंड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और सखुआ का पौधा लगाकर भर्ती व्यवस्था में सुधार का संकल्प लिया गया।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सखुआ का पौधा झारखंड की प्रकृति और संस्कृति के साथ मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
पहले दिन DVC चौक, गोला, चितरपुर, रामगढ़, मांडू और चरही समेत कई स्थानों पर छात्रों और स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का रात्रि विश्राम हजारीबाग के डेमोटांड़ में होगा। दूसरे दिन यात्रा कटकमसांडी, गिद्धौर, बड़कागांव और चतरा की ओर बढ़ेगी।
यात्रा के साथ लीगल टीम भी रहेगी। आयोजकों ने बताया कि न्यायिक लड़ाई में सहयोग करने वाले अभ्यर्थियों को कानूनी प्रक्रिया से जोड़ने की पहल की जाएगी। साथ ही 45 परीक्षाओं से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए कड़े नियम बनाने की मांग की गई।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर है। यात्रा को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
#JPSC #JSSC #DevendraNathMahto #भर्ती_व्यवस्था_सुधार_यात्रा #JharkhandStudents #StudentMovement #JharkhandNews #Ramgarh #Hazaribagh #Chatra #PaperLeak #ExamReform #YouthVoice #JharkhandYouth #RanchiNews