50 फीट गहरे कुएं में गिरी पांच साल की बच्ची, सिपाही ने जान की बाजी लगाकर बचाया
तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ कुएं में उतरे सिपाही मनोज ने बच्ची को सुरक्षित निकाला
कायमगंज। थाना कायमगंज क्षेत्र के जहानपुर गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच वर्षीय बच्ची खेलते समय करीब 50 फीट गहरे पुराने कुएं में जा गिरी। बच्ची के कुएं में गिरते ही उसकी बड़ी बहन की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते कुएं के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। करीब तीन घंटे तक चले जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस के सिपाही मनोज कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में उतरकर बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया।
जहानपुर निवासी पवन कुमार की पांच वर्षीय बेटी सौम्या अपनी बड़ी बहन अनन्या के साथ रसीदाबाद बल्लभ स्थित स्कूल से घर लौट रही थी। गांव में दिनेश के घर के पास चबूतरे पर दोनों बहनें कुछ देर झूला झूलने के बाद वहां पहुंचीं। इसी दौरान सौम्या कुएं की पटिया पर कूद गई। अचानक पटिया टूटने से बच्ची करीब 50 फीट नीचे कुएं में जा गिरी।
बच्ची के कुएं में गिरते ही अनन्या ने चीख-पुकार मचा दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। कुआं पुराना और बेहद संकरा होने के साथ ही उसमें जहरीली गैस होने की आशंका के चलते नीचे उतरना बेहद जोखिम भरा था। ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे नीचे जाने का प्रयास किया, लेकिन दम घुटने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।
अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुआ रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक वर्मा, तहसीलदार हर्षित सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और इंस्पेक्टर क्राइम बी. यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड और सीएचसी की टीम को भी बुलाया गया। अधिकारियों की निगरानी में बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
कुएं की संकरी जगह और अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण रेस्क्यू टीम को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फायर ब्रिगेड प्रभारी प्रांशु ने भी नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने के कारण उन्हें वापस आना पड़ा।
तीन बार नाकाम, चौथी बार जिंदगी की बाजी
इसी बीच कायमगंज कोतवाली में तैनात सिपाही मनोज कुमार ने बच्ची को बाहर निकालने की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने कुएं में उतरने की कोशिश की, लेकिन जहरीली गैस के कारण तीन बार उन्हें वापस बाहर आना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी।
चौथी बार सुरक्षा इंतजाम के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर मनोज कुएं में उतरे। काफी मशक्कत के बाद वह बच्ची तक पहुंचे और उसे सुरक्षित अपने साथ लेकर ऊपर आने लगे। करीब तीन घंटे की जद्दोजहद के बाद जैसे ही मनोज बच्ची को लेकर कुएं से बाहर निकले, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कुएं से मांगी पानी की आवाज, बढ़ी उम्मीद
रेस्क्यू के दौरान कुएं से बच्ची की आवाज सुनाई देती रही। ऊपर से पुकारने पर सौम्या ने जवाब दिया और पानी मांगा। इससे मौके पर मौजूद लोगों की उम्मीद बढ़ गई कि बच्ची सुरक्षित है। पुलिसकर्मियों ने रस्सी के सहारे कमंडल से पानी नीचे पहुंचाया। बच्ची ने पानी पिया, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने राहत की सांस ली।
बच्ची के बाहर निकलते ही उसकी मां सपना रोते-रोते बेहाल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों की आंखों में राहत साफ दिखाई दे रही थी। सौम्या चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की है। उसके पिता पवन कुमार दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर
कुएं से बाहर निकालने के तत्काल बाद बच्ची को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. विपिन कुमार और डॉ. अमरेश कुमार ने बच्ची की जांच की। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल ठीक है। उसे ऑक्सीजन भी दी गई। एहतियात के तौर पर बेहतर निगरानी और उपचार के लिए बच्ची को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भीड़ हटाने के दौरान फौजी और सिपाही में हाथापाई
रेस्क्यू की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। पुलिसकर्मी बार-बार लोगों से कुएं के आसपास से हटने की अपील कर रहे थे, ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए। इसी दौरान गांव के एक फौजी और सिपाही के बीच कहासुनी हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
तीन घंटे तक चले इस जोखिम भरे रेस्क्यू में सिपाही मनोज कुमार का साहस निर्णायक साबित हुआ। जहरीली गैस के खतरे के बावजूद चौथी कोशिश में कुएं में उतरकर उन्होंने पांच वर्षीय सौम्या को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्ची के सकुशल बाहर आने के बाद परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव ने राहत की सांस ली।
#Farrukhabad #Kayamganj #FarrukhabadNews #KayamganjNews #RescueOperation #Police #UPPolice #Bravery #ConstableManojKumar #GirlRescued #RescueNews #BreakingNews #LatestNews #UttarPradesh #फर्रुखाबाद #कायमगंज #पुलिस #रेस्क्यू #सिपाही #साहस #बच्ची #ब्रेकिंगन्यूज