भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत), धार एवं गोलू फिजिकल एकेडेमी, धार के संयुक्त तत्वावधान में एसपीडीए ग्राउंड पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ एवं ‘रन फॉर नेशन’ सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, धावकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के अंतर्गत 100 सप्ताह तक चलने वाले नशामुक्त युवा अभियान के तहत ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही ‘फिट इंडिया… हिट इंडिया’ अभियान के तहत 1600 मीटर ओपन ट्रायल दौड़ ‘रन फॉर नेशन’ का आयोजन किया गया।
*युवाओं को नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिलाया संकल्प*
आयोजक टीम द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में ‘नशा मुक्त युवा और विकसित भारत’ संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाली इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल के माध्यम से संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की युवा-केंद्रित गतिविधियों, कार्यक्रमों एवं अवसरों की जानकारी भी दी।
*खेलों के माध्यम से अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए किया प्रेरित*
मुख्य अतिथि धार जिला बैडमिंटन एसोसिएशन एवं धार जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री ने युवाओं को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, एकाग्रता एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूर्व सैनिक राजेश खड़ीकर ने भारतीय सेना एवं रक्षा बलों में चयन की प्रक्रिया, नियमों तथा शारीरिक एवं मानसिक तैयारी के संबंध में युवाओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प से निर्धारित लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। पूर्व सैनिक गुमान सिंह डावर ने भी अपने सैन्य जीवन के अनुभव युवाओं के साथ साझा किए तथा उन्हें देशभक्ति, अटूट संकल्प एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
*स्वास्थ्य परीक्षण के साथ पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक*
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. नम्रता पांचोली, डॉ. बलवंत विश्नोई एवं मेडिकल टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। टीम द्वारा शिविर में पहुंचे धावकों, युवाओं एवं नागरिकों का सामान्य शारीरिक परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. नम्रता पांचोली ने युवाओं को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी।
*1600 मीटर ‘रन फॉर नेशन’ में धावकों ने दिखाया उत्साह*
1600 मीटर ओपन ट्रायल दौड़ ‘रन फॉर नेशन’ में बालक एवं बालिका वर्ग के सैकड़ों धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालिका वर्ग में शिवानी गोयल ने प्रथम, महिमारानी कटारे ने द्वितीय तथा रजनी गिरवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार बालक वर्ग में आशीष जमरे प्रथम, जितेंद्र जमरा द्वितीय तथा ओम सुरताना तृतीय स्थान पर रहे। युवाओं ने अनुशासन एवं जोश के साथ दौड़ में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
*विजेता एवं उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को वितरित किए प्रोत्साहन राशि के चेक*
‘मेरा युवा भारत’ द्वारा गत वर्ष आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी एवं खो-खो की विजेता एवं उपविजेता टीमों को भी सम्मानित किया गया। धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप जिला स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। विजेता टीम के प्रत्येक प्रतिभागी को 10 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम के प्रत्येक प्रतिभागी को 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Sep 27, 2026