युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) के तत्वावधान में तथा जिला युवा अधिकारी श्रीमती दीर्घा राजावत के कुशल मार्गदर्शन में बदनावर स्थित यश कॉलेज में महान राष्ट्रचिंतक, दार्शनिक एवं प्रखर विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई।
इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के उच्च जीवन मूल्यों, सादगी, देशभक्ति और सेवा भाव से जोड़ना था, ताकि युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक कर्तव्यबोध और स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा की जा सके।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता धनंजय वैष्णव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पंडित जी के जीवनवृत्त पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर 1916 को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले (नगला चंद्रभान) में जन्मे पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन राष्ट्रहित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके द्वारा प्रतिपादित 'एकात्म मानववाद' का सिद्धांत आज के दौर में भी प्रासंगिक है और युवाओं को सही दिशा दिखाने का कार्य करता है।
*परिसर में स्वच्छता अभियान, श्रमदान और शपथ ग्रहण:*
जयंती समारोह के उपरांत 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत यश कॉलेज परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों और युवाओं को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात, विद्यार्थियों और वॉलिंटियर्स ने परिसर में सफाई कर श्रमदान का अनुकरणीय संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान माय भारत (MY Bharat) ब्लॉक बदनावर के वॉलिंटियर्स विनीता प्रजापत एवं विशाल पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
Jansampark Madhya Pradesh
4 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026