शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग धार के संयुक्त तत्वावधान में 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के अंतर्गत जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, धार में संपन्न हुआ। इस आयोजन में जिले भर के स्कूली विद्यार्थियों की सशक्त, रचनात्मक और वैचारिक प्रतिभा देखने को मिली।
आयोजन में जिले के सभी 13 विकासखंडों से आए कुल 336 छात्र-छात्राओं ने चित्रकला प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैनवास पर उकेरी गई आकृतियों के माध्यम से बच्चों ने स्वर्णिम भारत की परिकल्पना को प्रदर्शित किया। वहीं, विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चयनित हुए 39 मेधावी विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अपनी ओजस्वी वाणी से समां बांध दिया।
भाषण प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों ने शिक्षा का महत्व, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य चेतना, डिजिटल जागरूकता तथा 'विकसित भारत की संकल्पना' जैसे अत्यंत प्रासंगिक और संवेदनशील विषयों पर अपने प्रखर एवं प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की वैचारिक परिपक्वता और प्रस्तुतीकरण ने उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों एवं दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने सेवा संकल्प अभियान के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से 'विकसित भारत' के सही मायने समझाए। उन्होंने कहा कि देश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में एक जागरूक नागरिक के रूप में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला और भाषण के माध्यम से प्रस्तुत की गई विकसित भारत की दूरदर्शी परिकल्पना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समारोह की विशिष्ट अतिथि धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने छात्र-छात्राओं के शानदार प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने विद्यार्थी जीवन में 'आत्मविश्वास' की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास किसी भी मंच या प्रदर्शन का मुख्य आधार होता है और यही हमारे प्रस्तुतीकरण को प्रभावी, सशक्त और स्मरणीय बनाता है।
कार्यक्रम के भव्य समापन समारोह में प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागत भाषण जिला शिक्षा अधिकारी धार श्री पुष्पेंद्र सिंह सस्तिया द्वारा दिया गया। उन्होंने 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के मूल उद्देश्यों, इसकी उपयोगिता तथा जिले में इसके व्यापक क्रियान्वयन की जानकारी दी और सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त (जनजातीय कार्य विभाग) श्रीमती पारुल जैन द्वारा समस्त उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने इस वृहद आयोजन को सुचारू रूप से सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों श्री जादूसिंह परमार (अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान), श्री अभिषेक यादव (जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र), श्री आनंद पाठक (सहायक संचालक, जनजातीय कार्य विभाग)
के साथ-साथ समस्त शिक्षकों, निर्णायकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को नया मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करने में अत्यंत सफल सिद्ध हुआ।
#SevaSankalpAbhiyan #सेवा_संकल्प_अभियान
Jansampark Madhya Pradesh
3 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026